अग्निवीरों को विदेशों में रोजगार से जोड़ेगा उपनल: जोशी
हल्द्वानी , 16 अगस्त (हि.स.)। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज हल्द्वानी में कुमाऊँ मंडल के नवनिर्मित उपनल कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस भवन से पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा उपनल से जुड़े कार्मिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हल्द्वानी कुमाऊँ मंडल का प्रवेश द्वार है और यहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन निवास करते हैं। ऐसे में उपनल का सुसज्जित और सुविधायुक्त कार्यालय होना आवश्यक था।
उन्होंने कहा कि पूर्व में उपनल कार्यालय छोटे से कमरे में संचालित होने के कारण पूर्व सैनिकों और अन्य लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए भवन के निर्माण से इन समस्याओं का समाधान होगा।सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उपनल के माध्यम से प्रदेशभर में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में मैनपावर की काफी मांग है और इस संबंध में बातचीत चल रही है। उम्मीद है कि आगामी एक माह के भीतर विदेश सेवा से संबंधित प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसका लाभ पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों के साथ-साथ अन्य योग्य युवाओं को भी मिलेगा।सैनिक कल्याण मंत्री ने घोषणा की कि अग्निवीरों को भी विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए लगभग 50 प्रतिशत अग्निवीरों को उपनल के माध्यम से विदेशों में रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
।इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष अनिल डब्बू, दर्जा मंत्री गंभीर धामी, एमडी उपनल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जे.एन.एस. बिष्ट, कर्नल गोविंद सिंह, कर्नल आलोक पांडे, कर्नल रमेश अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता