यूपीसीएल में 27 कार्मिकों को पदोन्नति, 37 का स्थायीकरण और 36 को वित्तीय स्तरोन्नयन

 


देहरादून, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में कार्मिक हितों को प्राथमिकता देते हुए एक माह के भीतर विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति, स्थायीकरण और वित्तीय स्तरोन्नयन से जुड़े लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया है।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के पदभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ हुई वार्ता में कार्मिकों की लंबित समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में मानव संसाधन विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए विभिन्न संवर्गों के 27 पदों पर पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।

कॉरपोरेशन के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) आरजे मलिक ने बताया कि उप मुख्य लेखाधिकारी, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी, लेखाधिकारी, सहायक लेखाधिकारी और कार्यालय अधीक्षक-द्वितीय के पदों पर पदोन्नति की गई है। इसके अलावा सहायक अभियंता और सहायक लेखाकार संवर्ग के 37 कार्मिकों का स्थायीकरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, लेखाकार, कार्यालय अधीक्षक और कार्यालय सहायक संवर्ग के 36 कार्मिकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय सुनिश्चित वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ दिया गया है। वहीं, लंबित करीब 450 चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों को भी न्यूनतम स्तर तक लाया गया है।

यूपीसीएल ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम बढ़ाते हुए सहायक लेखाकार के 75 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। इसके साथ ही सहायक अभियंता, लेखाधिकारी, कार्मिक अधिकारी, विधि अधिकारी, अवर अभियंता, ड्राफ्ट्समैन और सहायक भंडारी के करीब 115 अन्य रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

कॉरपोरेशन की ओर से की गई इस कार्रवाई पर विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय