यूपीसीएल एमडी ने विकासनगर क्षेत्र का दौरा कर विद्युत व्यवस्था का लिया जायजा

 


विकासनगर, 04 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद ध्यानी ने शुक्रवार को विकासनगर क्षेत्र का दौरा कर विद्युत वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विकासनगर, सहसपुर, डाकपत्थर, ढकरानी और कुल्हाल क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ बैठक में क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति, वितरण नेटवर्क और उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और वितरण नेटवर्क की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ती विद्युत जरूरतों के अनुरूप वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

क्षेत्रीय अधिकारियों ने भी प्रबंध निदेशक को स्थानीय स्तर पर विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता युद्धवीर सिंह तोमर व गौरव शर्मा, अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय