गुरुकुल कांगड़ी में नवप्रविष्ट ब्रह्मचारियों का उपनयन एवं वेदारम्भ संस्कार
हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार की ऐतिहासिक यज्ञशाला में नवप्रविष्ट ब्रह्मचारियों का उपनयन एवं वेदारम्भ संस्कार समारोह वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को यज्ञीय परंपरा के अनुरूप वैदिक शिक्षा, अनुशासन, सदाचार और संस्कारयुक्त जीवन के मार्ग पर आगे बढ़ने की दीक्षा दी गई।
यज्ञ के ब्रह्मा आचार्य डॉ. योगेश शास्त्री ने विधि-विधानपूर्वक उपनयन एवं वेदारम्भ संस्कार संपन्न कराते हुए ब्रह्मचारियों को वेदों के महत्व तथा भारतीय संस्कृति के मूल तत्वों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि गुरुकुल जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और सदाचार की तपोभूमि है। उपनयन संस्कार को जीवन का दूसरा जन्म बताते हुए उन्होंने कहा कि इसी के साथ ब्रह्मचारियों के वैदिक एवं आध्यात्मिक ज्ञान की यात्रा आरंभ होती है।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल के मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा ने नवप्रविष्ट विद्यार्थियों को ब्रह्मचर्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ विद्याध्ययन करने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ. विजेन्द्र शास्त्री ने ब्रह्मचारियों को संस्कारयुक्त जीवनशैली अपनाने तथा निरंतर स्वाध्याय करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने अथर्ववेद के ब्रह्मचर्य सूक्त के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपनयन एवं वेदारम्भ संस्कार की उपयोगिता समझाई। साथ ही उन्होंने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में ब्रह्मचारियों द्वारा वेदपाठ प्रस्तुत किया गया। धर्मेन्द्र आर्य के निर्देशन में संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। तरुण, वंश, कार्तिक, युवराज, रोहित, हर्षवर्धन, आयुष, जितिन, समर्थ, भानु, ईशान, रुद्र, अर्णव, दक्ष, रचित, अविरल, मानस, लक्ष्य, हृदांश और सत्यजीत ने संस्कृत गीत प्रस्तुत किए। छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह में जितेन्द्र कुमार वर्मा, अशोक कुमार आर्य, हुकमचन्द, अश्विनी कुमार, अमर सिंह, ब्रजेश सिंह, वेदपाल सिंह, लोकेश सिंह, अमित कुमार, राज कमल, अशोक कुमार, विजय कुमार, धर्म सिंह, गौरव शर्मा, मामराज सिंह, सत्यवीर सिंह, फकीरचन्द, रोहित बालियान, दिनेश कुमार, सज्जन सिंह, धीरज दत्त कौशिक, तुषार सिंह, मुकेश, अनुज, भास्कर पाण्डे, सुभांशु, उदयराज, प्रभात मलिक, योगेश शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, गौरव मलिक, मोहित, अनिल, राहुल, विकास और आदर्श भारद्वाज सहित समस्त अधिष्ठाता व कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला