पुलिस लाइन में शानदार एकता परेड का प्रदर्शन

 


नैनीताल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को पुलिस लाइन नैनीताल में एकता परेड आयोजित की गई। मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर छह पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (स्वर्ण एवं रजत पदक) से सम्मानित भी किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में एपी अंशुमान ने सरदार पटेल के देश की रियासतों के एकीकरण में योगदान को याद करते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और एकजुटता का महत्व बताया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेने के साथ पुलिस लाइन का भ्रमण भी किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के निर्देश दिये। पुलिस आधुनिकीकरण के लिए सुझाव भी मांगे।

इसके बाद पुलिस मैस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की सराहना की तथा मैस प्रभारी और उनकी टीम को नकद पुरस्कार दिया। इस दौरान उपनिरीक्षक चंद्रशेखर और दिलीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा और हरीश चंद्र, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र राम तथा आरक्षी शंकर नाथ को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जनपद के थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। जनपद के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी