केंद्रीय मंत्री रिजिजू से मिले उत्तराखंड के मंत्री खजान दास, अल्पसंख्यक योजनाओं पर हुई चर्चा
-लंबित बजट जारी करने और 17 नई परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह
नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा मंत्री खजान दास ने सोमवार को नई दिल्ली में अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू से शिष्टाचार भेंट कर राज्य में संचालित अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान मंत्री खजान दास ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के अंतर्गत उत्तराखंड में संचालित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 13 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है और लंबित बजट राशि समय पर मिलने पर इन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित 17 नई परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध भी किया, ताकि अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिल सके।
बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री ने प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजनाओं में लंबित मामलों तथा जांच प्रक्रिया के चलते छात्रों को हो रही परेशानियों की जानकारी देते हुए योजनाओं को पुनः सुचारु रूप से संचालित करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने राज्य सरकार की ओर से उठाए गए विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
बैठक में अल्पसंख्यक क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और छात्र हितों से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग डॉ.पराग मधुकर धकाते भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय