अमित शाह आज हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल होंगे
देहरादून, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ में शामिल होंगे। शाह के स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप के साथ ही हरिद्वार शहर को सजाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन स्थल का जायया लिया और हर व्यवस्था को चॉक-चौबंद करने के निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैम्प में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
इसके अलावा अपराह्न 2ः30 बजे केंद्रीय गृह भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल रहेंगे। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय के साथ ही ही भाजपा कोर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल