उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में विलय
हरिद्वार, 15 सितंबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में पत्रकारिता जगत के दो संगठनों के एकीकरण के साथ पत्रकार एकता की नई तस्वीर सामने आई। कनखल स्थित मानव कल्याण आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का विधिवत विलय उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन में कर दिया गया।
विलय की घोषणा के दौरान पत्रकारों ने इसे पत्रकार हितों और जनसरोकार की पत्रकारिता को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के जिला अध्यक्ष संजय आर्य और जिला महासचिव अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि यह दिन पत्रकारिता के इतिहास में महत्वपूर्ण है। दोनों संगठनों के एक साथ आने से पत्रकारों की समस्याओं को अधिक मजबूती के साथ उठाया जा सकेगा और उनके अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई को व्यापक मंच मिलेगा।
उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के जिला अध्यक्ष प्रमोद गिरी ने विलय की घोषणा करते हुए कहा कि सभी साथियों के विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठन का हिस्सा बनना संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है। वहीं महामंत्री महावीर सिंह नेगी ने कहा कि पत्रकारिता के सामने लगातार नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं, ऐसे में पत्रकारों का संगठित होना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष अविक्षित रमन, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. रजनीकांत शुक्ल, वरिष्ठ सदस्य अनिरुद्ध भाटी, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष संजय रावल, पूर्व महामंत्री महेश पारीक, गोस्वामी गगनदीप और संजय संतोषी ने नए साथियों का स्वागत किया। वक्ताओं ने पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
विलय बैठक में वरिष्ठ पत्रकार मुदित अग्रवाल, अश्विनी अरोड़ा, रविंद्र सिंह, डॉ. पंकज कौशिक, रामेश्वर दयाल शर्मा, रूपेश वालिया, मनीष कुमार, आवेश अंसारी, दीपक मौर्या, रितेश तिवारी, सुरभि गुप्ता, चंद्रशेखर गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, प्रवीण पेंग्वाल और कुलदीप उर्फ काका ने भी अपने विचार रखे। विनय शर्मा, संकेत वालिया, वासुदेव और मनीषा सूरी सहित अन्य पत्रकारों ने भी विलय का स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला