केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज पहुंचे उत्तराखंड

 


देहरादून, 28 फरवरी (हि. स.)। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को उत्तराखंड पहुंचे। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री से कृषि उद्यमी अभ्यर्थी प्रशिक्षार्थियों से संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अवगत कराया कि प्रशिक्षार्थियों द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम को निरंतरता प्रदान करते हुए पूर्ण किए जाने का अनुरोध किया गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि यदि प्रशिक्षण बैच निरस्त किया जाता है तो इससे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य, शैक्षणिक समय और उनके व्यावसायिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षार्थियों ने इस कार्यक्रम में समय, संसाधन और आशाओं के साथ सहभागिता की है, ऐसे में बैच निरस्तीकरण से उनकी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक निरंतरता बाधित होगी।

गणेश जोशी ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रशिक्षार्थियों के हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर संवेदनशीलतापूर्वक पुनर्विचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुचारु रूप से जारी रखा जा सके।

इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशिक्षार्थियों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय