सर्वानंद घाट के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव , हत्या की आशंका

 

हरिद्वार, 17 सितंबर (हि.स.)। नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सर्वानंद घाट के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पड़े होने की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक के शरीर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। कपड़ों और जूतों से वह अच्छे परिवार से लग रहा है।

जांच के दौरान घटनास्थल के पास वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि मृतक खुद वाहन से वहां पहुंचा था या शव को किसी वाहन से लाकर फेंका गया है।

पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

मृतक की पहचान और घटना की कड़ी जोड़ने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मृतक घाट पर कब पहुंचा और उसके साथ कोई और था या नहीं।

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला