यूनेस्को के टीचर ट्रेनिंग अवार्ड से सम्मनित होगा उत्तराखंड का एससीईआरटी संस्थान
देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की एआई आधारित डिजिटल शिक्षक प्रशिक्षण परियोजना' बिल्डिंग फ्यूचर-रेडी टीचर थ्रू एआई'को यूनेस्को के एआई फॉर एजुकेशन अवार्ड-2026 के टीचर ट्रेनिंग वर्ग में विश्व की शीर्ष छह परियोजनाओं में शामिल किया गया है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को बताया कि स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित एआई फॉर गुड ग्लोबल समिट-2026 में इसकी घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि एक सितंबर 2026 से यह परियोजना यूनेस्को के ग्लोबल इम्पावरमेंट प्रोग्राम का हिस्सा बनेगी, जिससे अन्य देशों को भी शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एससीईआरटी द्वारा विकसित 'फंडामेंटल्स ऑफ एआई एंड आईसीटी टूल्स फॉर स्कूल टीचर्स'ऑनलाइन पाठ्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 49 हजार से अधिक शिक्षकों का पंजीकरण हुआ,जबकि 47 हजार से अधिक शिक्षक प्रशिक्षण पूरा कर प्रमाणपत्र प्राप्त कर चुके हैं। कार्यक्रम से राज्य के लगभग 97 प्रतिशत विद्यालय जुड़े हैं और 15 हजार से अधिक विद्यालयों तक डिजिटल प्रशिक्षण पहुंचाया गया है।
मंत्री रावत ने कहा कि यह दूसरी बार है जब एससीईआरटी के एआई आधारित शिक्षक प्रशिक्षण मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इससे पहले भी यूनेस्को-आईआईटीई की वैश्विक केस स्टडी में उत्तराखंड के डिजिटल शिक्षा नवाचारों को स्थान मिल चुका है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय