पौड़ी में घर-घर पहुंचे बीएलओ, गणना प्रपत्र बांटे
पौड़ी गढ़वाल, 08 जून (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के अंतर्गत सोमवार से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण एवं सत्यापन कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।
अभियान के तहत 7 जुलाई तक बीएलओ प्रत्येक मतदान क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा गणना प्रपत्र वितरित करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नए पात्र मतदाताओं को शामिल करने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने व प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन के लिए जानकारी एकत्र की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस चरण में मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज प्राप्त नहीं किए जाएंगे। अभियान की प्रगति की निगरानी के क्रम में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह द्वारा पौड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदेय स्थल संख्या 121, 123 एवं 224 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण, बीएलओ एप में वितरण की स्थिति के अद्यतन व नेटवर्क कनेक्टिविटी की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण एवं बीएलओ एप पर वितरण संबंधी विवरण का अद्यतन कार्य सुगमतापूर्वक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है तथा इसकी नियमित निगरानी भी की जा रही है। कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है, जिससे हर पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्रों को सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे मतदाता सूची का अद्यतन कार्य प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह