सीएचसी बहादराबाद में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सुविधा, सप्ताह में दो दिन होंगी जांच
हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्र में अब अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके तहत सप्ताह में दो दिन गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जाएगा। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूसरे अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ किया। पहले दिन डॉ. अंतिमा और डॉ. यशपाल तोमर ने दो गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया। सीएमओ ने बताया कि नियमित रूप से सुविधा संचालित करने के लिए डॉ. राकेश को सप्ताह में दो दिन अल्ट्रासाउंड जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशपाल तोमर ने बताया कि सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही यहां सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में सीएचसी बहादराबाद में कुल 5,151 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं। इनमें 3,315 नए और 1,836 पुराने मरीज शामिल रहे। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक कुल 38,263 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इस अवधि में 610 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया गया।प्रसव सेवाओं के आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर माह में केंद्र में 52 प्रसव कराए गए, जबकि अप्रैल से अक्टूबर तक कुल 358 प्रसव हुए। वर्तमान में सीएचसी में 24 घंटे सातों दिन आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के साथ संस्थागत प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध है।
सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने कहा कि जनपद में आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीएचसी बहादराबाद में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने और आगामी समय में सिजेरियन प्रसव सेवा शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला