राष्ट्रीय दलों की नीतियों से पहाड़ के लोग परेशान : डीडी पंत

 


नई टिहरी, 6 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के टिहरी विधानसभा क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी डीडी पंत ने राष्ट्रीय दलों की अब तक की सरकारों पर पहाड़ की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए पहाड़ की परिस्थितियों के अनुरूप अलग नीति बनाने की जरूरत है।

शुक्रवार को बौराड़ी स्थित उक्रांद कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पंत ने कहा कि दल ने पहले चरण में 16 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। शेष प्रत्याशियों की सूची भी जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दलों की तुलना में उक्रांद के पास धन और संसाधनों की कमी है, इसलिए प्रत्याशियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने का अवसर दिया जा रहा है।

पंत ने कहा कि उक्रांद स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, जल, जंगल, जमीन और मूल निवास के मुद्दों पर जनता से समर्थन मांग रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टिहरी बांध के लिए स्थानीय लोगों ने अपनी पैतृक संपत्ति और संस्कृति का त्याग किया, लेकिन बांध से मिलने वाली बिजली और पानी का लाभ दूसरे राज्यों को मिल रहा है, जबकि टिहरी के लोग उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में पहाड़ से पलायन जारी है। जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान के कारण लोग खेती छोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाने की मांग भी की। इस अवसर पर केंद्रीय संगठन मंत्री विमला बहुगुणा, धीरज भट्ट और भगवान सिंह राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी