जातिवादी राजनीति की आग से खेलने का कांग्रेस का प्रयास सफल नहीं होगा : महेंद्र भट्ट
देहरादून, 04 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति को बढ़ावा देने और हल्द्वानी प्रकरण को लेकर गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता का संदेश देकर देवभूमि में विभाजन की राजनीति को सफल नहीं होने देगी।
महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में आगामी सात सितंबर को प्रस्तावित सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस और विपक्ष द्वारा जाति आधारित विभाजन के प्रयास चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जाति आधारित शुद्धिकरण यज्ञ होने की बात को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा गलत नैरेटिव फैलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चाय के कपों को जाति से जोड़ना और मनुस्मृति को लेकर विवाद खड़ा करना भी इसी राजनीति का हिस्सा है।
भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सात सितंबर को मंडल स्तर पर आंबेडकर की प्रतिमाओं और चित्रों के समक्ष शांतिपूर्ण धरना देंगे। इसका उद्देश्य जातीय वैमनस्य के प्रयासों को विफल करना और सामाजिक एकता का संदेश देना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा समाज को बांटने के ऐसे प्रयास अंततः उसी के लिए नुकसानदेह साबित होंगे। देवभूमि का समाज सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव की अपनी परंपरा को बनाए रखेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कथित कार्यों का जवाब जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।
--
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय