चमोली के खैनूरी गांव की क्षतिग्रस्त सड़क का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, शीघ्र बहाली के निर्देश

 


देहरादून, 03 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा प्रभावित सड़क के क्षतिग्रस्त होने का सोमवार को संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर आवागमन शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।

ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष पर मुख्यमंत्री से संपर्क कर बताया कि आपदा के कारण गांव को जोड़ने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे लगभग 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। मुख्यमंत्री ने शिकायत मिलने के बाद चमोली जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति का मौके पर आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए और ग्रामीणों के लिए सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को शीघ्र बहाल करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द पटरी पर लौट सके।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय