आवारा हिंसक कुत्तों से मिलेगी राहत, हरिद्वार में बनेगा उत्तराखंड का पहला डॉग पाउंड

 


हरिद्वार, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में पहली बार हरिद्वार नगर निगम हिंसक आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए डॉग पाउंड स्थापित करने जा रहा है। यह राज्य का पहला ऐसा पाउंड होगा जहां आवारा खतरनाक कुत्तों को जीवनभर रखा जाएगा।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर में कुत्तों के काटने और झुंड में हमले की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। इसी को देखते हुए निगम ने यह योजना बनाई है। डॉग पाउंड में पकड़े गए बीमार, घायल और आक्रामक कुत्तों को रखा जाएगा। यहां उनके भोजन, चिकित्सा और देखभाल की पूरी व्यवस्था की जाएगी। नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण के बाद भी जो कुत्ते लोगों के लिए खतरा बने रहते हैं, उन्हें वापस सड़कों पर नहीं छोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि डॉग पाउंड के लिए हरिद्वार के सराय क्षेत्र में जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। अनुमति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस डॉग पाउंड के शुरू होने से शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होगी और आमजन को राहत मिलेगी।

शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गिरि गोस्वामी के अनुसार डॉग पाउंड का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत किया जा रहा है।उन्होंने कहा यह पाउंड एक मॉडल प्रोजेक्ट होगा। इसकी सफलता के बाद इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है। पशु प्रेमी संगठनों से भी समन्वय कर कुत्तों की देखरेख सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला