यूजेवीएनएल में अधिकारियों और कार्मिकों की प्रोन्नति

 




देहरादून, 11 अगस्त (हि.स.)। यूजेवीएन लिमिटेड में अधिशासी निदेशक, महाप्रबंधक, उपमहाप्रबंधक और अन्य पदों पर अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रोन्नति दी गई है। यह निर्णय मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज हुई विभागीय चयन समिति की बैठक में लिया गया।

मुख्य सचिव एवं यूजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम और प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ करते हुए अधिकारी एवं कार्मिक यूजेवीएन लिमिटेड को ऊर्जा क्षेत्र में आगे ले जाने में योगदान देंगे।

विभागीय चयन समिति में प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ.आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार, यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक मानव संसाधन आशीष जैन तथा निदेशक परिचालन, यूपीसीएल मदन राम आर्य शामिल रहे।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि चयन समिति ने संजय पटेल को अधिशासी निदेशक (परिचालन एवं अनुरक्षण), नरेश चंद्र खुल्बे को महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) और धर्मेंद्र सिंह को महाप्रबंधक (सिविल) पद पर प्रोन्नति दी है। इसी क्रम में हरीश धपोला और पंकज कुमार को उपमहाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) और शशिकांत को उपमहाप्रबंधक (सिविल) पद पर पदोन्नत किया गया है।

उन्होंने बताया कि सहायक अभियंता से अधिशासी अभियंता के पद पर भी दो अभियंताओं को प्रोन्नति दी गई है। इसके अलावा 24 अन्य कार्मिकों के भी पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय