हरिद्वार को बड़ी सौगात: अत्याधुनिक यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र शुरू
हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार जिले के लाखों नागरिकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने गुरुवार को फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराकर नागरिकों को संदेश दिया कि अब जिले में ही सभी सेवाएं मिलेंगी।
मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों से 5 से 17 वर्ष के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी सेवाओं के लिए जरूरी है। यूआईडीएआई की ओर से 30 सितंबर 2026 तक बच्चों का यह अपडेट पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। अभिभावकों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
आधार सेवा केंद्र शुरू होने से हरिद्वार के साथ रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को फायदा मिलेगा।
अब आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण जैसी सेवाएं जिले में ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और खर्च दोनों बचेंगे।
निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि केंद्र सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित है। यहां व्हीलचेयर, सुगम्य शौचालय और शिकायत निवारण व्यवस्था है। केंद्र आठ आधुनिक किटों से लैस है, जिससे सेवाएं तेज और पारदर्शी मिलेंगी।
सार्वजनिक अवकाश छोड़कर केंद्र सप्ताह के सभी दिन खुलेगा। नागरिक यूआईडीएआई पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। कार्यक्रम में सुशील त्यागी, सत्येंद्र चौधरी, अविनाश अग्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला