श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण ने पांच संतों को किया आजीवन निष्कासित
हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण की तमिलनाडु के कांचीपुरम में आयोजित बैठक में अखाड़े से जुड़े पांच संतों और महंतों को आजीवन निष्कासित करने व उनका हुक्का-पानी बंद करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
अखाड़े के श्रीमहंत दुर्गादास ने बताया कि बैठक में देशभर से पहुंचे उदासीन संतों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। निष्कासित किए गए संतों में श्रीमहंत रघुमुनि, उग्र दास, ज्येन्द्र मुनि (शाहपुर, कनखल), स्वामी शिवानंद (प्रयागराज) व सेवादास (मतौली, हरिद्वार) शामिल हैं।
श्रीमहंत दुर्गादास महाराज के अनुसार, इन सभी संतों एवं महंतों को अखाड़े से स्थायी रूप से निष्कासित कर दिया गया है और इनके साथ सभी धार्मिक एवं संगठनात्मक संबंध समाप्त करने का निर्णय भी बैठक में लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला