स्वामी सत्व मुनि बने श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण उत्तर पंगत के नए श्रीमहंत

 


हरिद्वार, 09 जुलाई (हि.स.)। तमिलनाडु के कांचीपुरम में आयोजित धार्मिक समारोह में श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण की उत्तर पंगत के नए श्रीमहंत की विधिवत ताजपोशी संपन्न हुई। सर्वसम्मति से पंजाब के स्वामी सत्व मुनि को उत्तर पंगत का श्रीमहंत मनोनीत किया गया।

समारोह की अध्यक्षता कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी विजेन्द्र सरस्वती ने की। उन्होंने नवनियुक्त श्रीमहंत स्वामी सत्व मुनि को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। हरिद्वार स्थित बड़ा उदासीन अखाड़ा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस अवसर पर देशभर से संत-समाज, विभिन्न अखाड़ों के प्रमुख संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांचीपुरम पहुंचे।

समारोह में श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण के श्रीमहंत दुर्गादास, श्रीमहंत अद्वैत मुनि, श्रीमहंत रामनौमी दास, महामंडलेश्वर स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश महंत सहित अनेक महामंडलेश्वर और विशिष्ट संत-महात्मा उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और संतों के सान्निध्य में उदासीन आश्रम, कांचीपुरम में स्वामी सत्व मुनि की चादर विधि संपन्न कराई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला