हरिद्वार में गंगा नहाते गाजियाबाद के दो मित्रों की डूबने से मौत
हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र स्थित दूधियाबांध पर रविवार सुबह गाजियाबाद से परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आए दो लोगों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। यह दोनों दोस्त थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बमराद कर लिए
गए हैं।
जानकारी के अनुसार बृजेश कुमार त्रिपाठी (39) पुत्र राजनाथ त्रिपाठी और सचिन त्यागी(43) पुत्र जगजीत सिंह त्यागी दोनों निवासी राजनगर एक्सटेंशन गाज़ियाबाद दो दिन पूर्व हरिद्वार घूमने आए थे। दोनों युवक सुबह स्नान करने के लिए रोड़ी बेलवाला क्षेत्र स्थितघाट पर पहुंचे थे। गंगा में नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले और तेज धारा में बहने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव नदी से बरामद कर लिए गए।
सीओ सिटी शिशुपाल नेगी ने बताया कि हादसे वाले स्थान को प्रशासन ने पहले से प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्र घोषित कर रखा है। वहां स्नान करना सख्त मना है और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद दोनों नियमों की अनदेखी करते हुए नदी में उतरे, जिसके चलते यह दु:खद घटना हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला