नैनीताल जिले में शराब तस्करी करते दाे आरोपित गिरफ्तार
नैनीताल, 17 मार्च (हि.स.)। जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में थाना बेतालघाट पुलिस ने चेकिंग के दौरान प्रमोद कुमार निवासी ओड़ा बॉसकोट को देशी मसालेदार शराब के 59 टेट्रा पैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वहीं थाना भीमताल पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में अमृतपुर रोड से गौला नदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान विशाल आर्या निवासी कुसुमखेड़ा को देशी मसालेदार शराब के 96 पाउच के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी