नलकूप ऑपरेटरों ने लघु नलकूप कार्यालय के पास काटा हंगामा

 


उत्तरकाशी, 01 मार्च (हि.स.)। जनपद के लघु डाल नलकूप (लिफ्ट) ऑपरेटरों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सिंचाई खंड लघु डाल, उत्तरकाशी में वर्षों से कार्यरत पंप ऑपरेटरों ने विभागीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो वे रोपाई के समय हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।

ऑपरेटरों का कहना है कि वे पिछले 18–20 वर्षों से 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। पंप संचालन के साथ-साथ रखरखाव की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर है, लेकिन ठेकेदार व्यवस्था के कारण उन्हें माह में केवल 12 से 14 दिन का ही वेतन दिया जाता है। यह स्थिति तब है जब काम पूरे महीने लिया जाता है।

वहीं पंप ऑपरेटरों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी वे अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज उठाते हैं, विभागीय अधिकारियों द्वारा उन्हें बार-बार हटाने की धमकी दी जाती है, ताकि वे दबाव में रहें और विरोध न कर सकें। उनका कहना है कि इस भय के माहौल में वर्षों से काम करने के बावजूद उन्हें न तो सुरक्षा मिल रही है और न ही सम्मानजनक वेतन। 19 सितंबर 2025 को संयुक्त रूप से अधिशासी अभियंता एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल