सांस्कृतिक झांकी और मार्च पास्ट के साथ त्रिवेणी कौथिग का आगाज
नई टिहरी, 26 नवंबर (हि.स.)। सुरी मंदिर और दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा, नंदा राजजात, पारंपरिक सांस्कृतिक झांकियां और मार्च पास्ट के साथ ही सात दिवसीय त्रिवेणी कौथिग का नई टिहरी में रंगारंग आगाज हो गया। झांकी में नगर के शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। देर शाम को लोक गायक मंगलेश डंगवाल की सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई है।
वीरवार को नगर पालिका टिहरी की ओर से आयोजित त्रिवेणी कौथिग का शुभारंभ हो गया। सुरी देवी और नव दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद आकर्षक झांकियां और कलश यात्रा निकाली गई। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत के नेतृत्व में झांकी मोलधार से होते हुए बौराड़ी ओपन मार्केट होकर बौराड़ी स्टेडियम तक झांकी निकाली। सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल की ओर से मां नंदा देगी राजजात की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। जिसमें काला खाड़ू डोली और यात्रा की अगुवाई कर रहा था।
वहीं छोलिया नृत्य को भी जमकर सराहना मिली। वहीं बीवीएस पब्लिक स्कूल, दून किंडरगार्टन नई टिहरी, शिशु मंदिर बौराड़ी के छात्र-छात्राओं ने मार्चपास्ट किया। पालिकाध्यक्ष रावत ने बताया कि मेले में 2 दिसंबर तक लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा राज्य स्तरीय कबड्डी, बैडमिंटन, टीटी जैसी प्रतियोगिताएं, मेहंदी, रंगोली की प्रतियोगिताएं होंगी। मेले की सांस्कृतिक संध्या का देर शाम को टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय विधिवत शुभारंभ करेंगे।
इस मौके पर सभासद डॉ. प्रीति पोखरियाल, मानवेंद्र रावत, विनीत उनियाल, प्रवेश चौहान, सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के निदेशक गौतम बिष्ट, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य शीशराम कोठियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवाण, महामंत्री संदीप रावत, आनंदमणि पैन्यूली, सतीश थपलियाल, प्रीतम नेगी, शिव सिंह सजवाण आदि मौजूद थे।
मैत्री दौड़ में युवाओं ने दिखाया दम, ओपन वर्ग में प्रिंस और शीतल विजेता
नई टिहरीः त्रिवेणी कौथिग के शुभारंभ पर मैत्री दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ नगर क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर आयोजित की गई। जिसमें जूनियर बालिका वर्ग में प्रतिभा, राशिका, तमन्ना, बालक वर्ग में फैजल, अभिनव रावत, विष्णु बैलवाल, सब जूनियर बालक वर्ग में अनूप प्रसाद, आदित्य कृषाली, नैतिक रमोला, बालिका वर्ग में रितिका, अनन्या भद्री, दिव्यांशी नेगी क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग ओपन मैराथन में जीआईसी क्यारी के प्रिंस नेगी प्रथम, आईटीआई नई टिहरी के सुमित गुसाईं द्वितीय, सेंट एंथोनी स्कूल के शिवांक नेगी तृतीय, बालिका वर्ग में पीजी कॉलेज नई टिहरी की शीतल, एनटीआईएस पैन्यूला की मनीषा द्वितीय और ओपन विवि की मुस्कान गुसाईं तृतीय रही।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी