हरीश रावत पर त्रिवेंद्र का तंज, बोले- ‘गुगली मास्टर हैं, किसका स्टंप उड़ेगा पता नहीं’
हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद भाजपा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन पर क्रिकेट की ‘गुगली’ के बहाने तंज कसा है। हालांकि, त्रिवेंद्र सिंह ने साथ ही हरीश रावत के स्वस्थ और दीर्घायु की कामना भी की।
हरिद्वार में सांसद खेल महोत्सव में पहुंचे त्रिवेंद्र सिंह रावत से जब हरीश रावत के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हरीश रावत गुगली मास्टर हैं। उनकी गुगली कहां जाकर टकराएगी और किसका स्टंप लेगी, यह कहा नहीं जा सकता। हो सकता है कि वह खुद ही कैच आउट हो जाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना या लड़ाना कांग्रेस और हरीश रावत का अपना विषय है। उनकी ओर से हरीश रावत के लिए हमेशा शुभकामनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना करते हैं।
हरीश रावत के हरिद्वार में दोबारा सक्रिय होने के सवाल पर त्रिवेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी उम्र भी हो गई है, इसलिए हरिद्वार में सक्रिय रहना भी चाहिए दरसल बीमारी के बाद हरीश रावत एक बार फिर राजनीतिक रूप से सक्रिय नजर आ रहे हैं। एक दिन पहले उन्होंने हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए कहा था कि वह चाहते हैं कि उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के प्रतिनिधि के रूप में निकले। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी उन्होंने हरिद्वार का कर्ज उतारने की बात कही थी। हालांकि, हरीश रावत ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह हरिद्वार की किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। उनके बयान के बाद भाजपा नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
हरीश रावत वर्ष 2009 में हरिद्वार लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वर्ष 2014 में उनकी पत्नी रेणुका रावत को हरिद्वार लोकसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में उनके बेटे वीरेंद्र रावत भी हरिद्वार सीट से चुनाव हार गए। वर्ष 2022 में उनकी बेटी अनुपमा रावत ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी।
हरीश रावत की चुनावी सक्रियता और हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा के बीच अब भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाओं से प्रदेश की सियासत में बयानबाजी का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला