तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप, पति पर मुकदमा

 

हरिद्वार, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति पर तीन तलाक देने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2015 में उसका निकाह उत्तर प्रदेश के शामली जनपद निवासी युवक से हुआ था। निकाह में मायके पक्ष की ओर से सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और एक मोटर साइकिल सहित अन्य दहेज दिया। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद पति कार की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति के दूसरी महिला से संबंध थे और उसने दूसरा निकाह कर लिया है।

इसका विरोध करने पर पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने बताया कि उसने पहले महिला हेल्पलाइन में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पिरान कलियर कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला