विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

 


हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और विस्थापित परिवारों के संघर्ष एवं पीड़ा को याद करने के उद्देश्य से 14 अगस्त को हरिद्वार पुलिस की ओर से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थाना, कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विभाजन के समय मृत्यु को प्राप्त हुए नागरिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस दौरान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं देश की अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभाजन के दौरान विस्थापित परिवारों द्वारा झेली गई कठिनाइयों और संघर्ष को याद करते हुए विश्व शांति तथा आपसी भाईचारे के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के साथ-साथ देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द के प्रति जागरूक करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला