किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

 


हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जटवाड़ा पुल स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल किसानों के नेता नहीं थे, बल्कि गरीबों, वंचितों और श्रमिक वर्ग के सच्चे हितैषी भी थे। उन्होंने कहा कि 29 मई 1987 को देश ने एक ऐसे जननेता को खो दिया था, जिसने अपना पूरा जीवन किसानों और ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने, भूमिहीनों को भूमि स्वामित्व दिलाने और ग्रामीण विकास को मजबूती देने के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए।

चंद्रशेखर यादव और सुमित तिवारी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का व्यक्तित्व भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान रखता है। । आज के समय में भी चौधरी चरण सिंह के विचार और सिद्धांत प्रासंगिक हैं तथा युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलने और किसानों तथा कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस दौरान आशीष यादव, दिलशाद अंसारी, विशाल यादव, आदेश उपाध्याय, दीक्षांत शर्मा, रवि कुमार, आस्तिक यादव, माधव, अंकित यादव, रोहित, मांगेराम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला