जनजातीय समाज के योगदान के बिना स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास अधूरा: डॉ. पुरी

 


हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में विचार गोष्ठी और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान से परिचित कराना रहा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि जनजातीय समाज के साहस, त्याग और बलिदान के बिना स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास अधूरा है। बिरसा मुंडा ने देश की आजादी के साथ अपनी संस्कृति और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। नई पीढ़ी को ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

मुख्य अतिथि उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री ने कहा कि बिरसा मुंडा सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता के प्रतीक थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, रानी दुर्गावती और टंट्या भील जैसे नायकों का उल्लेख करते हुए छात्रों से राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को याद करने का अवसर है।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा कि जनजातीय संघर्ष जल, जंगल, जमीन और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का आंदोलन था।

स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा के जीवन, जनजातीय संस्कृति, सामाजिक समानता और राष्ट्रीय एकता पर प्रेरक नारे लिखे। इसमें कशिश, सलोनी, साक्षी, दीक्षा, सुकन्या सहित कई छात्रों ने भाग लिया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. लता शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, कविता छाबड़ा और डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल रहीं। संचालन कविता छाबड़ा और डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. मनोज सोही, डॉ. आशा शर्मा सहित अनेक प्राध्यापक और छात्र मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला