पितृपक्ष में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

 


हरिद्वार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से देशभर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत शुक्रवार को मायापुर स्थित डॉ. हरिराम इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की मायापुरी शाखा के पदाधिकारियों के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ ने पौधे रोपे।

मुख्य अतिथि परिषद के प्रांतीय संयोजक प्रचार-प्रसार कुशल पाल सिंह चौहान ने कहा कि पितृपक्ष में पौधरोपण का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मायापुरी शाखा के अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) विपिन जोशी ने कहा कि शिवपुराण सहित अन्य धार्मिक ग्रंथों में पितृपक्ष के दौरान पौधे लगाने के महत्व का उल्लेख मिलता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पौधरोपण से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में विद्यार्थियों और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में योगदान देंगे।

इस दौरान बेल, नीम, आम और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित पदाधिकारियों और विद्यालय स्टाफ ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मायापुरी शाखा के संयोजक पर्यावरण मनु गुप्ता, संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह राणा, अतुल चौहान, अमित कुमार तथा विद्यालय के सरीन कुमार, राजीव कौशिक, नीरज कुमार, संजय चौहान, प्रेम बल्लभ उप्रेती, यज्ञराज भट्ट और आशीष राठौर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला