डीएसबी परिसर में मिशन ग्रीन के तहत पौधरोपण
नैनीताल, 26 जून (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से संचालित ‘मिशन ग्रीन’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंतनगर विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. प्रीति चतुर्वेदी ने विभागीय टीम के साथ देवदार, बुरांश, पदम और बांज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रो. प्रीति चतुर्वेदी ने कहा कि पर्यावरण केवल हमारी विरासत नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। उन्होंने वर्षाकाल में अधिकाधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने देवदार, पदम, बांज, बुरांश तथा हाइड्रेंजिया के पर्यावरणीय और पारिस्थितिक महत्व की जानकारी भी दी। इस अवसर पर वनस्पति विज्ञान विभाग की ओर से प्रो. प्रीति चतुर्वेदी को शॉल, प्रतीक चिह्न और पौधों संबंधी साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. एसएस बरगली, विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. किरण बरगली, डॉ. कपिल खुल्बे, डॉ. हिमानी कार्की, डॉ. नवीन पांडे, शीतल कोरंगा, विशाल बिष्ट, मोहित खाती, लीला पंत, आयुषी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी