हरिद्वार में स्कूली वाहनों पर कार्रवाई, 65 के चालान, तीन बसें सीज

 


हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 स्कूली वाहनों के चालान किए गए, जबकि तीन बसों को सीज कर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों की बसों एवं अन्य स्कूली वाहनों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, महिला परिचारिका की उपलब्धता, आपातकालीन निकास तथा वाहनों की तकनीकी स्थिति सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 65 स्कूली वाहनों के चालान किए गए। वहीं, दो विद्यालय बसें बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और एक बस बिना पंजीकरण संचालित मिलने पर उन्हें सीज कर दिया गया।

परिवहन विभाग का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला