पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने की तैयारी

 


देहरादून, 07 अगस्त (हि.स.)। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों और विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परिवहन क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग और बसों के आधुनिकीकरण को लेकर समीक्षा की।

बैठक में मंत्री ने कहा कि सन मोबिलिटी और मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों के साथ उत्तराखंड परिवहन निगम की पुरानी और आउटडेटेड बसों को दोबारा उपयोग में लाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि ऐसी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में परिवर्तित करने और रेट्रोफिट तकनीक अपनाने पर विचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सन मोबिलिटी कंपनी ने पुरानी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने संबंधी प्रस्तुतीकरण दिया है। यह पहल इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि मेगा निर्माणन इंडस्ट्रीज ने प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। कंपनी को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विभाग के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से इलेक्ट्रिक बसों में लाइव लोकेशन, ऑनलाइन टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर यात्रियों को बेहतर परिवहन सेवा दी जा सकती है।

बैठक में राज्य स्तरीय परिवहन प्राधिकरण के अध्यक्ष संजय अरोड़ा, परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी, अपर आयुक्त एस.के. सिंह सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न ऑटोमोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय