अवैध पार्किंग और ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 44 चालान, दो वाहन सीज
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान 42 वाहनों के 44 चालान किए गए, जबकि दो मालवाहक वाहनों को सीज कर दिया गया। कार्रवाई की जद में 19 बसें भी आईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कश्यप आश्रम, ऋषिकुल, मायापुर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जांच की गई। इस दौरान यातायात में बाधा डालने और नो स्टॉपिंग जोन में वाहन खड़े करने पर 19 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बसों की जांच में तीन बसों के आपातकालीन द्वार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले, जबकि तीन बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार पाए गए। दो बसों में अनधिकृत बदलाव भी मिले। इसके अलावा परमिट, वाहन कर और अन्य जरूरी दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर चालान किए गए।
वहीं, बकाया कर, बीमा और फिटनेस संबंधी अनियमितताओं पर दो मालवाहक वाहनों को सीज किया गया। श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के भी चालान किए गए।
अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार शामिल रहे। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और स्वामियों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने और यात्री सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला