यातायात नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 187 चालान और सात वाहन सीज
हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने 187 वाहनों के चालान किए, जबकि सात वाहनों को सीज कर दिया।
संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई तेज गति और हेलमेट संबंधी उल्लंघनों पर हुई। तेज रफ्तार से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और हेलमेट संबंधी अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 70 चालान किए गए।
इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, वाहनों में अनधिकृत बदलाव और प्रदूषण मानकों की अनदेखी करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन कर से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर भी चालान किए गए।
चेकिंग अभियान में बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान में वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने भी प्रवर्तन कार्रवाई में सहयोग किया।परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चेकिंग और प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला