अमित शाह के दौरे पर यातायात व्यवस्था बदलेगी, परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन

 




-06 नवंबर को जनसभा और पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के मद्देनजर पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

देहरादून, 04 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे और धनतेरस पर्व के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इस दिन परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा और पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। देहरादून पुलिस ने बुधवार को विस्तृत रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी कर लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, परेड ग्राउंड में जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा और लैंसडाउन चौक तक का क्षेत्र सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा। इस दौरान सर्वे चौक से ओरियंट चौक और लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी के रास्ते भेजे जाएंगे। वहीं, आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

जनसभा में शामिल होने आने वाले लोगों की बसों के लिए भी अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसों के यात्रियों को सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने उतारा जाएगा और बसें गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी। विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर और ओरियंट चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इनके लिए भी गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा, जबकि बन्नू चौक से नेगी तिराहे की ओर आने वाले वाहन गुरुनानक और सूरी चौक होते हुए निकलेंगे। पुलिस लाइन परिसर में वीआईपी वाहनों के लिए शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन और एमटी सेक्शन ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स निर्धारित किया गया है।

धनतेरस पर बाजारों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था

धनतेरस के मद्देनजर शहर के विभिन्न बाजारों में आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी आने वाले जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र में खरीदारी करने वाले राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास वाहन पार्क कर सकेंगे। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।

यातायात का दबाव बढ़ने पर सर्वे चौक, घंटाघर और धर्मपुर चौक सहित कई स्थानों पर अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा। पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और केवल पैदल यात्रियों को आवागमन की अनुमति होगी।

पलटन बाजार में छह नवंबर को सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपलमंडी होते हुए दर्शनी गेट तक एकतरफा व्यवस्था रहेगी। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

जनसभा और धनतेरस के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए विक्रम और सिटी बसों के मार्गों में भी बदलाव किया गया है। एक नंबर विक्रम राजपुर रोड से ओरियंट चौक के बजाय ग्लोब चौक तक आएंगे और वहां से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड तथा बेनी बाजार होते हुए लौटेंगे। दो नंबर विक्रम सर्वे चौक से वापस रायपुर की ओर जाएंगे, जबकि तीन नंबर विक्रम दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए रिस्पना की ओर लौटेंगे। पांच और आठ नंबर विक्रम तहसील चौक तक ही चलेंगे।

राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ठहराव ओरियंट चौक और डोईवाला तथा सहस्रधारा जाने वाली बसों का ठहराव रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किया गया है। यातायात दबाव बढ़ने पर विक्रमों के निर्धारित रूट पर भी अतिरिक्त प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना

यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से उसे उठाया जाएगा और 1500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने की अपील की है। साथ ही लोगों से खरीदारी के लिए स्थानीय बाजारों को प्राथमिकता देने, दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने तथा अनावश्यक निजी वाहनों से बचने को कहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और दमकल सहित आवश्यक सेवाओं के वाहनों को रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक हॉर्न नहीं बजाने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय