अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे पर भारी और यात्री वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन
नैनीताल, 08 सितंबर (हि.स.)। मानसून के दौरान भूस्खलन, पत्थर और बोल्डर गिरने की आशंका को देखते हुए अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किलोमीटर संख्या 56 तथा क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर 8 से 9 सितंबर 2026 तक भारी, व्यावसायिक और यात्री वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष-जिलाधिकारी के अनुपालन में यह यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है।
जनपद के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस दौरान हल्के वाहनों, आपातकालीन वाहनों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को मार्ग की वास्तविक स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था के आधार पर आवागमन की अनुमति दी जाएगी। अल्मोड़ा से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी एवं यात्री वाहनों को विश्वनाथ-शेरघाट-शहरफाटक राज्य मार्ग-13 अथवा खैरना-रानीखेत राज्य मार्ग-14 से भेजा जाएगा।
वहीं मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय जनपदों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भीमताल - खुटानी - धानाचूली-शहरफाटक तथा भवाली-कैंची-खैरना-भुजान-रानीखेत वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
भारी और यात्री वाहनों को निर्धारित डायवर्जन प्वाइंट से ही इन मार्गों पर भेजा जाएगा। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस, आपदा राहत एवं बचाव दल तथा खाद्य सामग्री और दवाओं जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए आपातकालीन गलियारा उपलब्ध रखा जाएगा। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराएंगे। प्रशासन ने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने तथा यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्गों को ध्यान में रखने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी