व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। आवासीय क्षेत्रों में संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई की आशंका को लेकर शिवालिक नगर के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष विभास सिन्हा और रानीपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सिन्हा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवासीय क्षेत्रों में संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सील किए जाने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में चिंता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की बात सुनने के बाद समस्या का जल्द उचित समाधान निकालने का प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
विभास सिन्हा ने मुख्यमंत्री और विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवालिक नगर के व्यापारी अपने अधिकारों और आजीविका की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला