व्यापारी आयोग व ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक की मांग

 


हरिद्वार, 12 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय व्यापार मंडल का शपथ समारोह व कुंभ मंथन कार्यक्रम रानीपुर मोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारी आयोग के गठन, ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक और कुंभ को भव्य-दिव्य बनाने को लेकर व्यापक मंथन हुआ।

अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि जब सभी वर्गों को अपने-अपने आयोग मिले हैं, तो व्यापारियों को भी व्यापारी आयोग मिलना ही चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ में करोड़ों श्रद्धालु आने वाले हैं, ऐसे में सभी कार्य स्थाई होने चाहिए। संतों को भी हरिद्वार से बड़ा सनातनी संदेश देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भव्य और दिव्य कुंभ के लिए आशीर्वाद और बधाई दी।

मुख्य अतिथि करौली शंकर महाराज ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी निरंतर सनातन के हितों में कार्य कर रहे हैं।

दोनों के प्रयासों से आगामी कुंभ भव्य और दिव्य बनेगा। इसमें व्यापारियों की भी अहम भूमिका है। राष्ट्रीय व्यापार मंडल की कुंभ मंथन की पहल से कई विषयों पर मंथन हुआ और सरकार द्वारा किए जा रहे कुंभ कार्य जनता के सामने आए हैं। व्यापारी आयोग की मांग पूरी तरह जायज है।

बाबा हठयोगी व भारत साधु समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत ऋषिश्वरानंद ने मुख्यमंत्री को कुंभ कार्यों के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि यह कुंभ ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश देवभूमि के वास्तविक स्वरूप में आ गया है। व्यापार मंडल व्यापारी के साथ समाज की समस्याएं उठाता रहता है, इसके लिए वह साधुवाद का पात्र है।

प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारी आयोग बनना ही चाहिए। ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक के बिना मध्यम वर्ग के व्यापारी का भला नहीं होगा। कुंभ की भव्यता के लिए मुख्यमंत्री दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और प्रत्येक कार्य की स्वयं समीक्षा कर रहे हैं।

नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मनोज गौतम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष व कोर कमेटी ने जिस उम्मीद से जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगा और सभी वर्ग के व्यापारियों को साथ लेकर चलूंगा।

इस अवसर पर योगी आशुतोष, प्रदेश महामंत्री सुधीश श्रोत्रिय, जिला महामंत्री भारत तलूजा, उपाध्यक्ष अशोक गिरी, ज्वालापुर अध्यक्ष हरविंदर सिंह, कनखल अध्यक्ष पंकज सन्नी, युवा जिला अध्यक्ष गौरव पाल, अनिल तेश्वर, स्नेहलता चौहान, पिंकी त्यागी, जसबीर बसेड़ा, पुष्पेंद्र गुप्ता, नरेंद्र चौहान, आशीष अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला