नैना पीक से लापता छात्र का आठ दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, पिता ने जांच के सभी पहलुओं को खंगालने की मांग की
नैनीताल, 14 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल की नैना पीक (चीना पीक) से लापता भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के 19 वर्षीय विद्यार्थी अर्णव कुमार सिंह का आठ दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें डॉग स्क्वॉड एवं ड्रोन की मदद से लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
बिहार के मुंगेर जनपद के पहरपुर निवासी अर्णव बीटेक प्रथम वर्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं डेटा साइंस का विद्यार्थी है। छह नवम्बर को वह अपने तीन दोस्तों आलोक राज, ओम और ऐश्वर्य राज के साथ चीना पीक की ट्रैकिंग पर गया था। चारों दोपहर लगभग दो बजे चढ़ाई के लिए निकले थे। वापसी के दौरान शाम लगभग पांच बजे अर्णव कुछ दूरी तक आगे निकल गया, जबकि उसके साथी तस्वीरें लेने के लिए रुक गये। बाद में तलाश करने पर वह नहीं मिला। दोस्तों ने आसपास खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी।
अर्णव की तलाश में नैना पीक के जंगलों से लेकर पंगोट, गैरीखेत, कैमल्स बैक, पॉलीटेक्निक क्षेत्र और नारायण नगर तक तलाशी ली गई है। दुर्गम और घने वन क्षेत्रों में जवान पैदल खोजबीन कर रहे हैं, जबकि ड्रोन से उन स्थानों की निगरानी की जा रही है जहां पहुंचना कठिन है। खड़ी पहाड़ियों, घनी झाड़ियों और गहरी खाइयों के कारण अभियान में चुनौतियां आ रही हैं।
इस बीच अर्णव के पिता पंकज कुमार सिंह ने पुलिस जांच पर प्रश्न उठाते हुए उसके साथ गये दोस्तों से विस्तार से पूछताछ करने और मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जंगलों में तलाश के साथ लापता होने से पहले अर्णव की गतिविधियों और बातचीत के संबंध में भी जानकारी जुटाई जानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह बिना प्रमाण किसी पर आरोप नहीं लगाना चाहते, बल्कि बेटे के संबंध में वास्तविक जानकारी चाहते हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस अर्णव के दोस्तों से पूछताछ कर चुकी है और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है, ताकि जांच में कोई नया सुराग मिल सके। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी और मल्लीताल कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत के पर्यवेक्षण में विभिन्न टीमें तलाश अभियान में जुटी हैं।
पुलिस ने अर्णव के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर मल्लीताल कोतवाली के दूरभाष नंबर 05942-235242, कोतवाली प्रभारी के मोबाइल नंबर 9411112869 अथवा नैनीताल पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9411112979 पर सूचना देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी