पर्यटन सीजन को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर

 


नैनीताल, 21 मई (हि.स.)। नैनीताल पुलिस ने आगामी पर्यटन सीजन को सकुशल संपन्न कराने और कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किये जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस अधिकारियों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, अभिसूचना इकाई एवं थाना प्रभारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक-नगर डॉ. जगदीश चंद्र ने कैंची धाम, मां नैना देवी मंदिर तथा अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को विशेष सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बम निरोधक दस्ते और स्थानीय अभिसूचना इकाई को लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान चलाने को कहा। उन्होंने सुरक्षा में तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में रणनीतिक तैनाती कर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान को सख्ती से लागू करने तथा नो-पार्किंग क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को भी कहा। डॉं. चंद्र ने ‘अतिथि देवो भवः’ और ‘मित्र पुलिस’ की भावना के अनुरूप पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार करने एवं आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।

बैठक में सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना, निरीक्षक यातायात महेश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा, राजेश यादव, मनोज नयाल, दिनेश जोशी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी