जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में 60 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

पौड़ी गढ़वाल, 03 नवंबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस के पूर्व अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के कुल 60 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेल और शिक्षा दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनने का अवसर देती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने और अपने प्रदर्शन में निखार लाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-13 बालिका एकल वर्ग में अन्वी फरस्वाण ने प्रथम, सोनल नेगी ने द्वितीय तथा आरोही नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग के बालक एकल वर्ग में आर्यन रावत प्रथम, सुमेध ध्यानी द्वितीय तथा रुद्र रावत तृतीय स्थान पर रहे।

अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में वंशिका ने प्रथम, आकृष्टि गौड़ ने द्वितीय तथा मानवी चमोली ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं बालक एकल वर्ग में सत्यम दास प्रथम, अरमान अहमद द्वितीय तथा प्रिंस पंवार तृतीय स्थान पर रहे।

अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में हर्षिता सती ने प्रथम, अनंता रावत ने द्वितीय तथा मानवी रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि बालक एकल वर्ग में दक्ष चमोली प्रथम, देवेश नेगी द्वितीय तथा अनुराग नेगी तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में अतुल गुसाईं एवं अमन रावत ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन विनोद सिंह चौहान ने किया।

इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गंगा प्रसाद संतोषी, सुरेन्द्र सिंह शाह, चन्द्रमोहन उनियाल, सुनील सिंह रावत, आशीष कुमार, योगेश कुमार, विनोद कुकरेती, भगवती प्रसाद गौड़ सहित खेल विभाग के संविदा प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह