पौड़ी की 1,163 ग्राम पंचायतों को मिले उप प्रधान
पौड़ी गढ़वाल, 16 जुलाई (हि.स.)। जनपद पौड़ी में 1166 ग्राम पंचायतों में 1163 में उप ग्राम प्रधान की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो गई है। चुनाव के बाद जिले में कुल 1,157 उप प्रधान निर्वाचित हुए, जिनमें 1,031 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि 126 पदों पर मतदान के माध्यम से उप प्रधान चुने गए। नामांकन पत्र निरस्त होने के कारण छह पद रिक्त रह गए। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि जनपद के सभी 15 विकासखंडों में निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित मोहन गोदियाल ने बताया कि विकासखंडवार चुनाव के तहत खिर्सू में 45 ग्राम पंचायतों में 4 पदों पर मतदान तथा 41 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। श्रीनगर में 80 ग्राम पंचायतों में 4 पदों पर मतदान एवं 75 पद निर्विरोध भरे गए। एकेश्वर में 81 ग्राम पंचायतों में 8 पदों पर मतदान तथा 72 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। थलीसैंण में 103 ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक 17 पदों पर मतदान और 86 पद निर्विरोध रहे। कल्जीखाल में 86 ग्राम पंचायतों में 5 पदों पर मतदान तथा 80 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पोखड़ा में 60 ग्राम पंचायतों में 3 पदों पर मतदान एवं 57 पद निर्विरोध भरे गए।
यमकेश्वर में 86 ग्राम पंचायतों में 14 पदों पर मतदान तथा 72 पद निर्विरोध रहे। बीरोंखाल में 95 ग्राम पंचायतों में 6 पदों पर मतदान एवं 89 पद निर्विरोध चुने गए। जयहरीखाल में 73 ग्राम पंचायतों में 8 पदों पर मतदान तथा 64 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नैनीडांडा में 88 ग्राम पंचायतों में 13 पदों पर मतदान एवं 75 पद निर्विरोध रहे। पौड़ी विकासखंड में 62 ग्राम पंचायतों में 9 पदों पर मतदान तथा 53 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। पाबौ में 72 ग्राम पंचायतों में 6 पदों पर मतदान एवं 65 पद निर्विरोध चुने गए। दुगड्डा में 67 ग्राम पंचायतों में 9 पदों पर मतदान तथा 57 पद निर्विरोध रहे। द्वारीखाल में 97 ग्राम पंचायतों में 13 पदों पर मतदान एवं 84 पद निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि कोट विकासखंड में 68 ग्राम पंचायतों में 7 पदों पर मतदान तथा 61 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।
बताया कि रिखणीखाल विकासखंड की ग्राम पंचायत बुलेखा, एकेश्वर की छामाबाड़ा व कल्जीखाल की चिण्डालू ग्राम पंचायत में नामांकन पत्र दाखिल न होने के कारण उप प्रधान पद रिक्त रहे। वहीं जयहरीखाल की कण्डोली, पाबौ की तिमालखाल तथा दुगड्डा की नौगांव तल्ला ग्राम पंचायत में नामांकन पत्र निरस्त होने के कारण निर्वाचन नहीं हो सका। इस प्रकार जनपद में कुल छह उप प्रधान पद रिक्त रह गए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह