डीपीसी चुनाव की समय सारणी जारी
नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। जिला योजना समिति (डीपीसी) के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने की समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग ऑफिसर नितिका खंडेलवाल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 8 सितम्बर को इसके लिए अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची के निरीक्षण और दावे-आपत्तियां दाखिल करने के लिए 10 सितम्बर की तिथि निर्धारित की गई है। वहीं प्राप्त दावे-आपत्तियों का 12 सितम्बर को निस्तारण किया जाएगा। जबकि 15 सितम्बर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
डीएम ने बताया कि दावे-आपत्तियां दाखिल करने और उनका निस्तारण जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय नई टिहरी में किया जाएगा। जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए अंतिम मतदाता सूची जिला पंचायत और स्थानीय नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों के आधार पर तैयार की जाएगी। उन्होंने चुनाव में लगे सभी कार्मिकों को समन्वय बनाकर निष्पादन के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी