बाघ ने खेत में काम कर रहे किसान को बनाया शिकार, ग्रामीणों में आक्रोश

 


नैनीताल, 24 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जिले में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना काठगोदाम के निकटवर्ती भद्यूनी गांव से है, जहां 30 वर्षीय किसान कमल सिंह पुत्र इंदर सिंह को खेत में काम करते समय किसी हिंसक वन्य जीव ने अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लगातार तीसरी घटना है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बाघ की सक्रियता की जानकारी पहले से होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे एक के बाद एक जानें जा रही हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि जब तक बाघ को पकड़ने या मारने के लिए सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक क्षेत्र में लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि काठगोदाम से लगे भीमताल ब्लॉक विकास खंड के भदयूनी गांव निवासी 30 वर्षीय कमल सिंह बिष्ट पुत्र इंद्र सिंह बिष्ट कल देर शाम से घर के पास से गायब हो गया था, परिजनों ने उसकी खोजबीन की। रात तक कोई जानकारी नहीं मिली। आज गांव के लोगों के साथ ही वन विभाग के लोगों ने खोजबीन शुरू की। आज सुबह जंगल में कमल का आधा खाया हुआ शव बरामद किया गया।

इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने घटना स्थल पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की। डॉ. बिष्ट ने बताया कि बीते दिवस उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी से इस क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा बाघ देखे जाने को जानकारी दी थी। विभाग से कोई ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया था, विभाग ने एस मामले में लापरवाही बरती। फिलहाल पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल बना हुआ है। लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार ने बताया कि संबंधित क्षेत्र रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी