पौड़ी के बमठी में गुलदार ने महिला की जान ली

 


पौड़ी गढ़वाल, 23 अप्रैल (हि.स.) गढ़वाल वन प्रभाग की विभिन्न रेंजों में गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे है। एक के बाद एक हो रहे गुलदार के हमलों से ग्रामीण अपनी जान गंवाने को मजबूर है।

गुरुवार को गुलदार ने गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के बमठी गांव में 65 साल की बुजुर्ग महिला को निवाला बना दिया। गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। वहीं, गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए गुलदार के हमले से जल्द निजात दिलाने की मांग उठाई है। गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि पौड़ी के बमठी गांव में घर के पास ही खेतों में काम कर रही 65 साल की सीता देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद को सुबह करीब 8 बजे घात लगाएं गुलदार ने हमला कर मार डाला।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने घंटो तक गुलदार को मारने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। एसडीओ ने बताया कि गुलदार को कैद करने के लिए क्षेत्र में टीमे तैनात की गई है। गुलदार को कैद करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे है। बताया कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार समुचित मुआवजा दिया जाएगा।

घटना पर जताया आक्रोश

पौड़ी। बमठी गांव में गुलदार के हमले में बुजुर्ग की मौत के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना था कि क्षेत्र में पिछले लंबे समय से गुलार की दहशत बनी हुई है। आरोप लगाया कि दो गुलदारों ने बुजुर्ग को निवाला बनाया। क्षेत्र में जगह-जगह उगी झाडियां गुलदार के छुपने का ठिकाना बनी हुई है लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रशासन की लापरवाही से यह घटना हुई है। उन्होंने जल्द ही गुलदार को मारने की मांग उठाई। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, जिलाध्यक्ष कांग्रेस विनोद नेगी, विनोद दनोशी, सुंदरलाल मुयाल, मोहित सिंह, हर्षबर्धन, सोबन सिंह आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह