उत्तराखंड  के कई जिलों में अगले छह दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

 

देहरादून, 12 जून (हि.स.)। उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, विशेष रूप से नैनीताल, चम्पावत, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा, ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की आशंका है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

विभाग ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं तथा पर्वतीय क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़क अवरुद्ध होने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के ऊंचाई वाले जिलों में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 13 जून को 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की आशंका के चलते यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में अधिकांश दिनों मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।

13 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

14 जून को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। 15 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

16 से 18 जून तक राज्य के ऊंचाई वाले जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश जारी रह सकती है। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय