भीषण सड़क हादसे में चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत, छह घायल

 

हरिद्वार, 22 अगस्त (हि.स.)। रुड़की में पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चार मोटर साइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात चार मोटर साइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी मोटर साइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह और राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है। हादसे में घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।

हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला