तंत्र-विद्या के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाले तीन तांत्रिक भेषधारी गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। धर्म और आस्था की आड में लोगों को भ्रमित कर निजी व घरेलू समस्याओं का समाधान कराने का प्रलोभन देने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर थाना पुलिस ने तीन तांत्रिक भेषधारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस के अनुसार, ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जो साधु-संतों का भेष धारण कर विशेषकर महिलाओं और युवाओं को तंत्र-विद्या, अंधविश्वास अथवा अन्य कथित धार्मिक उपायों के जरिए उनकी व्यक्तिगत और घरेलू समस्याओं का निदान करने का झांसा देते हैं।

इसी क्रम में कलियर थाना पुलिस टीम ने मेहवड़कला स्थित श्मशान घाट से तीन संदिग्ध तांत्रिक भेषधारियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने तीनों से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है।

हिरासत में लिए गए आरोपितों की पहचान इरशाद पुत्र याकूब, निवासी रामपुर चुंगी, वार्ड नंबर-9, कोतवाली सिविल लाइंस, रुड़की, उस्मान मलिक पुत्र जुल्फुकार, निवासी रामपुर चुंगी, हसन कॉलोनी, कोतवाली गंगनहर, रुड़की व उस्मान पुत्र फुरकान, निवासी रामपुर चुंगी, वार्ड नंबर-11, टाटा कंपनी के पीछे, कोतवाली गंगनहर, रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला